गंगा घाट तक जाकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
वाराणसी| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की शाम काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे सप्त ऋषि आरती के पश्चात पहुंचे मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन किया और प्रदेश वासियों के कल्याण की कामना की। मंदिर न्यास के सदस्यों ने अंग वस्त्र माला और प्रसाद भेंट किया। दर्शन पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने मंदिर की साफ सफाई सुरक्षा सहित अन्य जानकारियां प्राप्त की।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि पिछले माह से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सफाई कंपनी ने अपना कार्य संभाल लिया है, वहीं सुरक्षा के लिए एक सुरक्षा एजेंसी भी बुलाई गई है जो भावनो और धाम की संपत्तियों की सुरक्षा में लगाए गए हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री गंगा घाट पहुंचे जहां घाट सफाई के बारे में जानकारी ली। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि जैसे-जैसे गंगा का जलस्तर कम होता जा रहा है वैसे वैसे घाटों की सफाई मशीनों द्वारा करा कर श्रद्धालुओं का मार्ग सुगम बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गंगा के जलस्तर बढ़ने से पानी गेट से लगभग 2 मीटर नीचे तक पहुंच गया था उसके बाद जलस्तर कम होने के बाद मिट्टी का ढेर सीढ़ियों पर लग गया था, जिसकी निरंतर सफाई कराई जा रही है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा विशेष कार्याधिकारी उमेश कुमार सिंह अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
