Varanasi: केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर चार दिनों तक सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध प्रवर्तन ड्राइब चलाये जाने के आदेश जारी किए गये हैं। भारत सरकार के द्वारा जारी आदेश के क्रम में नगर आयुक्त प्रणय सिंह के निर्देश पर आज पहले दिन नगर निगम प्रवर्तन दल के द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध प्रवर्तन ड्राइब चलाया गया, जिसके अन्तर्गत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, के साथ संयुक्त अभियान में मलदहिया फूल मंडी और मदनपुरा क्षेत्रों में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरूद्ध कार्यवाही करते हुये प्लास्टिक को जप्त करते हुये रु0 29400/- जुर्माना वसूला गया। अपर नगर आयुक्त दुष्यन्त कुमार मौर्य द्वारा बताया गया कि यह अभियान 30 दिसम्बर, 2022 तक अनवरत चलेगा।
वहीं दूसरी ओर नगर निगम, वाराणसी द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिये आम नागरिकों में जनजागरूकता पैदा करने हेतु रैली निकाली गयी, जिसमें आम नागरिकों से प्लास्टिक का प्रयोग न करने हेतु अपील की गयी।
नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की गयी है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें, अन्यथा पकड़े जाने पर उनके विरूद्ध नियमानुसार जुर्माना वसूलते हुये वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।