कौन हैं पंखुड़ी पाठक, जिन्हें कांग्रेस ने नोएडा से दिया टिकट

नोएडा: यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बताया कि 125 उम्मीदवार घोषित किए हैं, जिसमें से 50 महिला हैं। इन महिलाओं में पंखुड़ी पाठक का भी नाम शामिल है। कांग्रेस ने पंखुडी पाठक को नोएडा से टिकट दिया है। आइए जानते हैं पंखुड़ी पाठक कौन हैं।

पंखुड़ी पाठक का जन्म 1992 में दिल्ली में हुआ था। उनके पिता का नाम जेसी पाठक और माता का नाम आरती पाठक है। दोनों दिल्ली में ही प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। पंखुड़ी का छोटा भाई चिराग पाठक है। पंखुड़ी दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज से लॉ की स्टूडेंट रह चुकी हैं। छात्र राजनीति में वह साल 2010 चुनाव जीतकर वह जॉइंट सेक्रेटरी भी रही हैं। पंखुड़ी ने साल 2010 में समाजवादी पार्टी ज्वॉइन की और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की क्रांति रथ यात्रा में भी हिस्सा लिया था। पंखुड़ी की शैली से अखिलेश और उनकी पत्नी डिंपल यादव भी काफी प्रभावित रहीं।

पंखुडी ने कुछ विवादों के चलते समाजवादी पार्टी को छोड़ दिया था और कुछ समय बाद कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। पंखुड़ी ने दिसंबर 2019 में सपा नेता रहे अनिल यादव से शादी की। अनिल यादव की ये दूसरी शादी है। उनका पहली पत्नी से तलाक हो चुका है।

छात्र जीवन से सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाली पंखुड़ी पाठक का कोई राजनैतिक बैकग्राउंड नहीं है। इसके बावजूद आज वह राष्ट्रीय राजनीति में बेहद चर्चित चेहरा रही हैं।

पंखुड़ी पाठक छात्र राजनीति में समाजवादी छात्र सभा से जुड़ीं। दिल्ली के छात्रसंघ चुनाव में पंखुड़ी ने सपा को मजबूत करने का काम किया। साल 2013 में उन्हें लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। वह अखिलेश यादव और डिंपल यादव से काफी प्रभावित रही थीं।

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर नोएडा सीट से उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। प्रियंका गांधी के अभियान ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के तहत नोएडा विधानसभा सीट से पंखुड़ी पाठक को टिकट मिला है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *