रिपोर्ट – सत्यम साहनी
मिर्जामुराद। स्थानीय थाना क्षेत्र के कल्लीपुर ग्राम स्थित माँ कंचन देबी इण्टर कालेज में शनिवार के दिन लोक समिति व आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर छात्र छात्राओं को संविधान प्रस्तावना को पढ़ाया गया तथा उन्हें भारतीय संविधान की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य धीरेंद्र सिंह ने संविधान के निर्माण एवं इसकी मुख्य विशेषताओं के बारे में बच्चों को बताया। लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि यह दिन भारतीय इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है। 26 नवंबर की ऐतिहासिक तारीख को सन 1949 में भारत की संविधान समिति की तरफ से भारत के संविधान को स्वीकार किया गया था। लेकिन इसे 26 जनवरी 1950 को प्रभावी रूप से लागू किया जा सका। एक भारतीय नागरिक होने के नाते आपको समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, संस्कृति एवं शिक्षा से संबंधित अधिकार मिले हुए है। कार्यक्रम के दौरान तमाम विद्यार्थियों सहित, अध्यापकगण व लोक समिति, आशा ट्रस्ट से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
![]()
