घरेलू महिला हिंसा, बाल विवाह के खिलाफ 16 दिसम्बर तक चलेगा अभियान
रिपोर्ट – सत्यम साहनी
मिर्जामुराद : स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित प्रधानमंत्री आदर्श गाँव नागेपुर में शुक्रवार को घरेलू महिला हिंसा के खिलाफ सैकड़ों लोगों ने रैली निकाली। लोक समिति व आशा ट्रस्ट द्वारा आयोजित महिला हिंसा पखवाड़ा अभियान के पहले दिन महिला हिंसा के खिलाफ सैकड़ों लोग लोक समिति आश्रम से अम्बेडकर पार्क तक रैली निकाली। रैली में लोगों ने चुप नही रहना है हिंसा नही सहना है, बाल विवाह बंद करो, महिला हिंसा बन्द करो, दहेज प्रथा पर रोक लगाओ, यौन हिंसा पर रोक लगाओ आदि नारे लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की बात करना जरूरी है और हम सबको मिलकर इसको दूर करना है। महिलाओं ने कहा कि हिंसा समाप्त करने के लिए हम सबको मिलकर आगे आना है। हमें विभिन्न कानूनों की जानकारी होनी चाहिए। हमें पुरुष प्रधान ढांचागत व्यवस्था को भी बदलना है। इस अवसर पर अम्बेडकर प्रतिमा के सामने महिलाओं ने संकल्प लिया कि हम अब और हिंसा नहीं सहेंगे।
लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि लोक समिति व आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में घरेलु महिला हिंसा, लैंगिक भेदभाव के खिलाफ तथा महिलाओं के अधिकार व सम्मान के लिये महिला हिंसा विरोधी पखवाड़ा 25 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक आराजी लाईन और सेवापुरी ब्लाक के 70 गाँवो में मनाया जायेगा। जिसके के तहत गाँव गाँव में रैली,जन सभा, नुक्कड़ नाटक,हस्ताक्षर अभियान,पदयात्रा,मशाल जुलुस,कैंडिल जुलूस, पर्चा वितरण, कार्यशाला,साईकिल रैली आदि विविध कार्यक्रम आयोजित करके लोगों को महिला अधिकार के प्रति जागरूक किया जायेगा।
![]()
