हरहुआ डीह निवासी युवक गायब, परिजनों से मांगी गई डेढ़ लाख की फिरौती

-सपा नेता के कार्यालय के बाहर खड़ी मिली स्कूटी
-परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका

हरहुआ। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ डीह निवासी एक युवक रविवार रात में अपने घर से लापता हो गया। गायब युवक के परिजनों के मोबाइल पर रात साढ़े बारह बजे फोन करके अज्ञात व्यक्ति द्वारा डेढ़ लाख रुपए की मांग की गई। उसके बाद से ही रुपए मांगने वाले तथा गायब युवक दोनों का मोबाइल बंद है। वहीं गायब युवक की स्कूटी सपा के एक नेता के वाजिदपुर स्थित कार्यालय के सामने सोमवार की सुबह लावारिस हाल में मिली है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से लिखित शिकायत किया है। पुलिस द्वारा गायब युवक की तलाश की जा रही है।

जानकारी अनुसार हरहुआ डीह निवासी 34 वर्षीय कादिर नामक युवक की पत्नी संजीदा ने पुलिस से शिकायत किया है कि रविवार को सायं काल उसके पति स्कूटी लेकर घर से चौबेपुर जाने के लिए निकले। रात 9 बजे तक वापस न लौटने पर पत्नी ने फोन किया तो कादिर ने कहा कि कुछ जरूरी काम में हूं वापस आने में थोड़ा समय लगेगा। रात 11 बजे फोन करने पर मोबाइल बंद हो गई। मोबाइल बंद हो जाने के चलते परिजन काफी परेशान हो गए। रात्रि 12:30 बजे संजीदा की बहन पिंकी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कादिर से बात कराया और डेढ़ लाख रुपए की मांग की। पत्नी का कहना है कि फोन करने वाले ने ऑनलाईन पैसा ट्रांसफर करने के लिए कहा। इतना अधिक पैसा ट्रांसफर ना होने की बात संजीदा द्वारा कहने के बाद उसने पैसा लेकर जंसा थाने के बगल में बुलाया। रात में परिजन जंसा थाने के समीप पहुंचकर उस नंबर पर फोन करने लगे तो वह नंबर भी बंद हो गया। रात भर कादिर की खोजबीन करते रहे लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह में गायब युवक की पत्नी संजीदा और परिवार के लोग हरहुआ पुलिस चौकी पर पहुंचे और लिखित शिकायत किए। इसके साथ ही बड़ागांव थाने और सारनाथ स्थित साइबर थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत दर्ज करने के साथ ही पुलिस द्वारा गायब युवक की तलाश की जा रही है।

वाजिदपुर में लावारिस मिली स्कूटी
कादिर की स्कूटी वाजिदपुर स्थित सपा नेता और हरहुआ सेक्टर नंबर दो के जिला पंचायत सदस्य मूलचंद यादव के कार्यालय के बाहर लावारिस हाल में खड़ी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मूलचंद यादव से संपर्क किया तो मूलचंद ने बताया कि कादिर रविवार को सायं काल वहां पहुंचा और अपनी स्कूटी खड़ी कर कहीं चला गया। उन्होंने यह भी कहा कि कादिर ने कहा था कि रात में वह वापस लौट आएगा, ऐसे में उसकी स्कूटी वहीं पर छोड़कर वे अपने घर चले गए थे। स्कूटी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *