भारतीय पथ विक्रेता संघ की अहम बैठक सम्पन्न, धर्मेंद्र पांडे बने सचिव

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पथ विक्रेताओं के लगातार हो रहे उत्पीड़न को लेकर भारतीय पथ विक्रेता संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्था के सेनपुरा स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख रूप से वाराणसी पुलिस द्वारा पथ विक्रेताओं के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार और उनके व्यवसाय को हटाए जाने की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पथ विक्रेताओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा इन योजनाओं के विपरीत कार्य किया जा रहा है। इसके चलते पथ विक्रेताओं को अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में यह भी बताया गया कि वाराणसी में अब तक कई टेंपो स्टैंड तो बनाए गए हैं, लेकिन टाउन वेंडिंग कमेटी के अंतर्गत एक भी वेंडिंग जोन अब तक स्थापित नहीं किया गया है, जो कि बेहद चिंता का विषय है।

इस अवसर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा ठेला-पटरी व्यवसायियों के उत्पीड़न को रोकने के लिए समाजसेवी एवं सुशासन समन्वय विभाग के जिला संयोजक धर्मेंद्र पांडे को भारतीय पथ विक्रेता संघ का महानगर सचिव नियुक्त किया गया। नियुक्ति के उपरांत उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन भी किया गया।

धर्मेंद्र पांडे ने अपने संबोधन में कहा, “मैं पथ विक्रेताओं के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ूंगा और उनके उत्पीड़न को हर हाल में रोकने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।”

बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष बांकेलाल जी ने की, जबकि संचालन संस्था के संस्थापक संयोजक आशीष कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *