प्रधानमंत्री आवास योजना की जाॅच शुरू, 10 बर्खास्त तथा 2 पर एफ0आई0आर0

वाराणसी| नगर आयुक्त प्रणय सिंह के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) के अन्तर्गत आवास आवंटन की जाॅच शुरू करा दी गयी है। विगत दिनों मुख्यमंत्री के द्वारा वाराणसी भ्रमण के दौरान ली गयी समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) के अन्तर्गत आवास आवंटन में हो रहे अनियमितता की जाॅच कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये थे। मुख्यमंत्री के द्वारा दिये गये उक्त निर्देश के क्रम में नगर आयुक्त प्रणय सिंह के द्वारा नगर निगम क्षेत्र, रामनगर एवं गंगापुर में निर्मित हो रहे आवासों के आवंटन की जाॅच करायी जा रही है। प्रथम दृष्टया जाॅच में पाया गया कि परियोजना की मानिटरिंग एवं जियो टैंगिंग का कार्य मे0 के0डी0एस0 सर्विसेज प्रा0लि0 के द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यदायी संस्था के कुछ सर्वेयर/ साइट इंजीनियर के द्वारा आवास आवंटन के नाम पर नागरिकों से अवैध धन वसूली तथा जाली प्रमाणपत्र बनाकर अवैध रूप से आवास आवंटन हेतु लालच दिया जा रहा था तथा कई लोगों को साजिश के तहत शिकार बना चुके थे। पकड़े गये 10 सर्वेयर/ साइट इंजीनियर को बर्खास्त कर दिया गया है, जिनके नाम क्रमशः किशन सिंह, आशीष यादव पुत्र रामसकल, करन सिंह, आशीष यादव पुत्र हीरा यादव, शुभम पटेल, अनिल मौर्य, अभिषेक सेठ, अभिनव पाण्डेय को कार्यदायी संस्था द्वारा बखाॅस्त करते हुये उनकी आई0डी0 पासवर्ड को जप्त कर लिया गया है। साथ ही एम0आई0एस0 स्पेसलिस्ट निशांत को भी हटा दिया गया है। उक्त के अतिरिक्त किशन सिंह पुत्र अशोक सिंह तथा आशीष यादव पुत्र हीरा यादव के द्वारा गंभीर अनियमितता पाये जाने के कारण इनके विरूद्ध लालपुर, पाण्डेयपुर थाना में प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कराये जाने हेतु कार्यदायी संस्था द्वारा तहरीर दी गयी है।
नगर आयुक्त प्रणय सिंह के द्वारा बताया गया कि जाॅच की कार्यवाही अभी जारी है, जैसे-जैसे जाॅच की कार्यवाही आगे बढ़ेगी, और लोगों के संलिप्त होने की आशंका से इंकार नही किया जा सकता है। नगर आयुक्त ने इस सम्बन्ध में परियोजना अधिकारी, डूडा निधि वाजपेयी एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया है कि कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि अपने आई0डी0 कार्ड एवं ड्रेस कोड के बिना जियो टैगिंग करने क्षेत्रों में कदापि न जायॅ।

नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने नागरिकों/ लाभार्थियों से अपील की है कि उनके मोबाईल नम्बर पर एस0एम0एस0 के माध्यम से सूचना दी गई है कि किसी भी व्यक्ति/ दलाल/ सवैयर जो अपने आप को डूडा कर्मी/ नगर निगम कर्मी बताता हो, परन्तु उसके पास डूडा, वाराणसी द्वारा हस्ताक्षरित फोटो आई0डी0 न हो तो तत्काल डूडा कार्यालय/ नगर निगम कार्यालय/ जिलाधिकारी कार्यालय को सूचित कर रिपोर्ट दर्ज करायें। नगर आयुक्त द्वारा नागरिकों/ लाभार्थियों से यह भी अपील की गयी है कि जिनका आवास स्वीकृत नही हुआ है अथवा आवास स्वीकृत होने की प्रक्रिया में है, इस अवस्था में सर्वेयर/ इंजीनियर को भी प्रपत्र न दें, तथा उनके द्वारा अवैध रूप से काम करवाने के नाम पर पैसे माॅगे जाने पर तत्काल परियोजना अधिकारी, डूडा व नगर निगम कार्यालय एवं जिलाधिकारी कार्यालय अथवा पुलिस को सूचित करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *