पप्पू यादव की सद्बुद्धि के लिए विश्व हिंदू परिषद ने किया सद्बुद्धि यज्ञ, गिरफ्तारी की उठी मांग

वाराणसी। संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवान श्रीराम के चित्र के कथित अपमान, साधु-संतों पर कथित अभद्र टिप्पणी तथा सनातन धर्म को बदनाम करने के आरोपों के विरोध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने इंग्लिशिया लाइन स्थित हिंदू भवन कार्यालय में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया।
यज्ञ के दौरान कार्यकर्ताओं ने “पप्पू यादव को गिरफ्तार करो” तथा “साधु-संतों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए और उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सांसद पप्पू यादव के कथित कृत्य से साधु-संतों और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में धार्मिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा सपा और कांग्रेस के कुछ अन्य सांसदों द्वारा किया गया प्रदर्शन निम्न स्तर का था। उन्होंने पप्पू यादव की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए उनके लिए सद्बुद्धि की कामना की।
इस अवसर पर क्षेत्र सत्संग प्रमुख दिवाकर जी, सह प्रांत मंत्री सत्य प्रकाश सिंह, विभाग मंत्री कन्हैया जी, विनय जी, सत्येंद्र जी, राजन जी, कार्यालय प्रमुख भूपेंद्र जी, सुमित जी, विकल्प जी, सच्चिदानंद जी, सियाराम जी सहित विश्व हिंदू परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *