बरेली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मैराथन का आयोजन कर रही है। बरेली जिले में आयोजित कांग्रेस की मैराथन में अचानक से भगदड़ मच गई। इस दौरान कई लड़कियां सड़क पर गिर गईं और घायल हो गई। इस दौरान लड़कियों के जूते चप्पल भी सड़क पर बिखर गए। हालांकि, इस दौरान वहां खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं ने भीड़ को रोकने की कोशिश की। इस हादसे का वीडियो भी सामने आए हैं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मैराथन में भाग लेने वाली कई लड़कियों के चेहरे से मास्क भी गायब थे। बिना मास्क के मैराथन में हिस्सा लेने वाली लड़कियों की काफी संख्या थी। जैसे ही दौड़ शुरु हुई, आगे की कुछ लड़कियां गिर गई, जिसके बाद पीछे से आ रही भीड़ रुक नहीं रही थी। हालांकि, वहां खड़े कई लोगों ने भीड़ को रोकने की कोशिश की। लेकिन फिर भी करीब 20 लड़कियां जमीन पर गिर गई थीं। इस दौरान कई बच्चियों के जूते चप्पल सड़क पर बिखरे हुए थे।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में तीन लड़कियों घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वे तीन भी कुछ देर बाद मैराथन कार्यक्रम में शामिल भी हो गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस की इस मैराथन दौड़ में शहर से लेकर देहात की दस हजार लड़कियां शामिल हुईं। मैराथन दौड़ बिशप मंडल से शुरू होकर पटेल चौक गांधी उद्यान होते हुए बिशप मंडल ग्राउंड पर खत्म हुई। कांग्रेस की मैराथन दौड़ में भोजीपुरा की रहने वाली विनीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसे स्कूटी देकर सम्मानित किया गया।
पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने दिया विवादित बयान मैराथन में मची भगदड़ पर कांग्रेस नेता और बरेली की पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए बेतुका बयान दे दिया। उन्होंने कहा, वैष्णो देवी में जब भगदड़ मच सकती है। फिर ये तो बच्चियां हैं, ये इंसानी फितरत होती है। लेकिन मैं मीडिया कर्मियों से इसके लिए माफी मांगती हूं। ये साजिश भी हो सकती है। कांग्रेस बढ़ते जनाधार की वजह से इस तरह की साजिशभी की जा सकती है।