महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक, दी कानूनी जानकारी

वाराणसी, 7 अक्टूबर 2021 ।वन स्टॉप सेंटर के सभागार में बृहस्पतिवार को विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस शिविर में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनको सम्बंधित कानूनों से भी अवगत कराया गया।
शिविर में पाक्सो एक्ट, एसिड अटैक, दहेज निवारण अधिनियम, लैंगिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा से सम्बन्धित कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विधिक सलाहकार रेखा श्रीवास्तव ने शिविर में शामिल महिलाओं से कहा कि सम्बन्धित कानूनों की जानकारी उन्हें इन समस्याओं से छुटकारा दिला सकती है। यदि किसी महिला का उत्पीड़न हो रहा हो तो उसे कानून का सहारा लेना चाहिए।
वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी रश्मि दुबे ने कहा कि यह एक ऐसा केन्द्र है जहां एक ही छत के नीचे महिलाओं की सभी समस्याओं के निदान की व्यवस्था है। उन्हें विधिक परामर्श देने के साथ ही उनको स्वावलम्बी बनाने का भी प्रयास किया जाता है। कोर्इ भी महिला घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार जैसी अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए इस केन्द्र की मदद ले सकती हैं । शिविर में महिला शक्ति केन्द्र की जिला समन्वयक रेखा श्रीवास्तव ने मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं और बच्चों के लिए चलायी जा रहीं योजनाओं के बारे में महिलाओं को अवगत कराया। चोलापुर की रहने वाली सुनीता ने बताया कि वह घरेलू हिंसा से पीड़ित हैं । शिविर में शामिल होकर उन्हें लाभप्रद जानकारियां मिली हैं। अब वह अपने साथ हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। रोहनिया की रहने वाली कुसमा ने बताया कि शिविर में आने से उन्हें अपने अधिकारों के बारे में पता चला। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *